इस जानकारी को छोड़ दें

विषय-सूची को छोड़ दें

पैसों का इस्तेमाल

पैसों का इस्तेमाल

बाइबल की सलाह मानने से आज कई लोग पैसों से जुड़ी समस्याओं से काफी हद तक बच पाए हैं।

एक अच्छी योजना बनाइए

बाइबल की सलाह: “मेहनती की योजनाएँ ज़रूर सफल होंगी, लेकिन जल्दबाज़ी करनेवाले पर गरीबी छा जाएगी।”—नीतिवचन 21:5.

इसका क्या मतलब है? यह ज़रूरी है कि आप एक योजना बनाएँ और उसके मुताबिक चलें। इसलिए पहले से तय कीजिए कि आप कितना पैसा खर्च करेंगे। याद रखिए कि आप जो चाहे वह नहीं खरीद सकते। इसलिए सोच-समझकर पैसा खर्च कीजिए।

आप क्या कर सकते हैं?

  • बजट बनाइए। आप जो चीज़ें खरीदते हैं, उनकी एक सूची बनाइए और उन्हें समूहों में बाँटिए जैसे खाना, कपड़े, घर, वगैरह। हर समूह में दी चीज़ों के लिए जितने पैसे खर्च होंगे, उसे अलग रखिए। अगर आप एक चीज़ पर ज़्यादा पैसे खर्च कर देते हैं, तो आप दूसरी चीज़ के लिए रखे पैसों में से कुछ ले सकते हैं। शायद आप पेट्रोल पर ज़्यादा खर्च कर दें, ऐसे में आप कम ज़रूरी चीज़ों के लिए रखे पैसे ले सकते हैं। जैसे अगर बाहर खाना खाने के लिए कुछ पैसे रखे हैं, तो उन्हें ले सकते हैं।

  • बेवजह उधार मत लीजिए। जितना हो सके कर्ज़ लेने से बचिए। पैसे बचाने की कोशिश कीजिए ताकि आप ज़रूरी चीज़ें खरीद सकें। अगर आप क्रेडिट कार्ड इस्तेमाल करते हैं, तो हर महीने इसकी रकम चुकाइए ताकि आपको ब्याज न देना पड़े। अगर आपने उधार लिया है, तो नियमित तौर पर एक तय रकम चुकाने की योजना बनाइए।

    एक रिपोर्ट बताती है कि जब लोग क्रेडिट कार्ड इस्तेमाल करते हैं, तो वे ज़्यादा पैसे खर्च करते हैं। इसलिए अगर आपके पास क्रेडिट कार्ड है, तो इसका सोच-समझकर इस्तेमाल कीजिए।

बुरा रवैया अपनाने से बचिए

बाइबल की सलाह: “आलसी सर्दियों में जुताई नहीं करता, तभी कटाई के समय उसके पास कुछ नहीं होता और वह भीख माँगता फिरता है।”—नीतिवचन 20:4.

इसका क्या मतलब है? जो इंसान आलसी होता है उसे गरीबी की मार झेलनी पड़ सकती है। इसलिए मेहनत कीजिए और सोच-समझकर पैसों का इस्तेमाल कीजिए। ऐसा करने से आपके पास हमेशा ज़रूरत की चीज़ें होंगी।

आप क्या कर सकते हैं?

  • मेहनत कीजिए। अगर आप नौकरी की जगह मेहनत करेंगे और ज़िम्मेदार होंगे, तो इससे आपका बॉस खुश होगा और आपको नौकरी नहीं गँवानी पड़ेगी।

  • ईमानदार रहिए। काम की जगह बेईमानी मत कीजिए। इससे आपके बॉस का आप पर से भरोसा उठ सकता है और शायद वह आपको नौकरी से निकाल दे।

  • लालच मत कीजिए। अगर आप पैसा कमाने के बारे में ही सोचते रहें, तो आपकी सेहत बिगड़ सकती है और दूसरों के साथ आपका रिश्‍ता भी खराब हो सकता है। याद रखिए कि जीवन में पैसा ही सबकुछ नहीं है।

बाइबल की कुछ और सलाह

आप jw.org पर जाकर बाइबल पढ़ सकते हैं जो सैकड़ों भाषाओं में है

अपना समय और पैसा बुरी आदतों पर मत बरबाद कीजिए।

“पेटू और पियक्कड़ कंगाल हो जाएँगे, उनकी नींद उन्हें चिथड़े पहनाएगी।”—नीतिवचन 23:21.

हद-से-ज़्यादा चिंता मत कीजिए।

“अपने जीवन के लिए चिंता करना छोड़ दो कि तुम क्या खाओगे या क्या पीओगे, न ही अपने शरीर के लिए चिंता करो कि तुम क्या पहनोगे।”—मत्ती 6:25.

जलन की भावना से दूर रहिए।

“ईर्ष्या करनेवाला दौलत के पीछे भागता है, लेकिन नहीं जानता कि गरीबी उसे आ घेरेगी।”—नीतिवचन 28:22.